हजारीबाग।
जिला टास्क फोर्स की टीम ने इचाक थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से संचालित किए जा रहे अवैध क्रशरों व खदानों पर रविवार को कार्रवाई करते हुए कई खदानों को ध्वस्त कर डाला। वही 20अवैध क्रशरो को भी तोड़ा गया। टास्क फोर्स टीम में एसडीओ विद्याभूषण के अलावा डीएमओ नितेश कुमार गुप्ता, डीएसपी विवेकानंद ठाकुर, भू अर्जन पदाधिकारी विनोद कुमार एवं थाना इंचार्ज अजीत कुमार शामिल थें।
सभी क्रशर इचाक प्रखंड के भूसवा क्रशर मंडी में संचालित किए जा रहे थे। लगभग 4 घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान टीम ने कई अवैध पत्थर खदानों को भी ध्वस्त किया। अवैध क्रशर तोड़े जाने के दौरान वहां से काफी मात्रा में सामान भी जब्त किए गए। टीम ने डूमरौन स्थित वन भूमि पर संचालित अवैध पत्थर खदानों पर भी छापेमारी की। इसके अलावा टीम द्वारा लंगड़ाटांड, चरकी टोगरी, खरखरवा आदि जगहों पर भी संचालित किए जा रहे अवैध पत्थर खदानों पर छापेमारी की। छापेमारी की भनक पहले ही लग जाने के कारण खदान संचालक वहां रखे गए सभी सामानों सहित वाहनों को ले भागने में सफल रहे। एसडीओ विद्याभूषण ने बताया कि अवैध क्रशर व पत्थर खदानों के संचालकों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।


