कोडरमा| जिले में काेरोना से होनेवाली मौत का आकड़ा 5 हो गया है। सदर अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में शुक्रवार की शाम भर्ती किए गए जयनगर के 52 वर्षीय हिरोडीह निवासी की देर रात मौत हो गई। मृतक शुगर का मरीज था। साथ ही उसका शुगर लेबल काफी अधिक पाया गया था। अस्पताल के डीएस डॉ. रंजन कुमार ने मौत का कारण हार्ट अटैँक होना बताया है।जानकारी अनुसार मृतक की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। वह 4-5 माह पूर्व मुंबई से लौटा था। शुक्रवार को तबीयत अधिक खराब होने के बाद वह पत्नी के साथ सदर अस्पताल पहुॅचा था। जहां शाम में उसकी जांच रिर्पोट पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। मृतक की पत्नी ने बताया की रात में उनके पति के पेट में दर्द होने पर उसने नर्स से दवा लाकर दी थी। वहीं सुबह करीब 4 बजे उनका शरीर ठंडा होने पर इसकी जानकारी नर्स को दी। जिसके बाद वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
