Palamu News:- पलामू जिले के पांकी मुख्यालय में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां लोहरसी रोड स्थित डॉ. इस्लाम अंसारी के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान नौ वर्षीय आदर्श कुमार की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को ओवरडोज इंजेक्शन लगाया गया, जिसकी वजह से उसकी तबीयत और बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, पांकी के मंझौली गांव निवासी आदर्श को शुक्रवार सुबह बुखार आया था। दोपहर करीब तीन बजे परिजन उसे इलाज के लिए डॉ. इस्लाम के अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया, खून की जांच कराई और बताया कि उसे मलेरिया है। कुछ दवाएँ देने के बाद बच्चे को छुट्टी दे दी गई।
शाम होते-होते आदर्श को बेचैनी होने लगी। परिजनों ने जब फिर डॉक्टर से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि यह सामान्य प्रतिक्रिया है और दवा समय पर देते रहें, धीरे-धीरे हालत में सुधार आ जाएगा। लेकिन आधी रात करीब 12 बजे बच्चे की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। वह तेज़ी से हाँफने लगा, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां चिकित्सक डॉ. आरिफ ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चे को दवा का ओवरडोज दिया गया था, जिससे उसकी मौत हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने डॉ. इस्लाम को अस्पताल से भागते हुए पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में एमएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जहां परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई करने और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
परिजनों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा पहले जिन अवैध अस्पतालों को सील किया गया था, वे अब फिर से मोटी रकम लेकर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन पर कार्रवाई की जाती, तो आज एक मासूम की जान बच सकती थी।

