Gaya jee News: जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को मातम में डुबो दिया। खिजरसराय थाना क्षेत्र के केनी पुल के पास 9 छात्र नदी में डूब गए, जिनमें से 5 की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लड़के इंटर के छात्र थे और स्कूल से लौटते समय यह घटना घटी। मृतक छात्रों में तौसीफ, जासिफ, साहिल, जैम, सुफियान और साजिद शामिल है।
जानकारी के अनुसार, छात्र पढ़ाई के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे नदी किनारे ठहर गए और मोबाइल से रील बनाने लगे। धीरे-धीरे सभी गहरे पानी में चले गए। तभी संतुलन बिगड़ने से एक-एक कर सभी डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत नदी की ओर दौड़े और किसी तरह सभी को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में सभी 9 छात्रों को बेलागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से दो छात्रों को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। सात छात्रों को बेलागंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन उनमें से 5 की मौत हो गई।
घटना के बाद अस्पताल और गांव में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर कोई इस हादसे को लेकर गहरे सदमे में है। नीमचक बथानी अनुमंडल के एसडीएम केशव आनंद ने बताया कि अब तक 6 छात्रों की पहचान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पूरी घटना की जांच की जा रही है और इलाज करा रहे छात्रों से भी हादसे के सही कारणों की जानकारी ली जाएगी।

