Gopalganj News:- विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद लागू आदर्श आचार संहिता के तहत पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के चंद्रगोखुला रोड पर वाहन जांच के दौरान सीओ और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक वाहन से 7 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। जांच के दौरान वाहन में रखे बैग में बड़ी मात्रा में नकदी पाई गई। जब वाहन चालक से रुपए के स्रोत के बारे में पूछताछ की गई, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने नकदी को जब्त कर निर्वाचन विभाग को सूचित किया।
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। चुनाव के दौरान अवैध धन, शराब और अन्य सामान के परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि जब्त रुपये के स्रोत की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

