Palamu News:- पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधुरी जंगल में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 64.3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में गढ़वा जिले का एक तस्कर गिरफ्तार किया गया है, जो जंगल और आसपास के इलाकों में ब्राउन शुगर की बिक्री करता था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माधुरी जंगल के आसपास ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पड़वा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान मुमताज खान के रूप में हुई है, जो गढ़वा जिले के साई मोहल्ला का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की कुल मात्रा 64.3 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। दो पैकेटों में रखे गए इस नशीले पदार्थ में एक पैकेट से 54 ग्राम और दूसरे से 9.5 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है।
इसके अलावा आरोपी के पास से एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में मुमताज खान ने स्वीकार किया कि वह बिहार के सासाराम और गढ़वा से ब्राउन शुगर लाकर पड़वा और डालटनगंज के विभिन्न इलाकों में इसकी बिक्री करता था। वह पिछले छह महीने से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और एक पुड़िया को 2700 रुपये में बेचता था।
जिले की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने बताया कि नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे तस्करों की गिरफ्तारी के बाद बड़े तस्कर अपनी पहचान बदल लेते हैं, जिससे उन्हें पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो जाता है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की टीमें बड़े नेटवर्क तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

