Gandhinagar News:- गुजरात सरकार ने एक बार फिर आपदा की घड़ी में मानवीय सहयोग की परंपरा निभाते हुए पंजाब के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए विशेष राहत ट्रेन रवाना की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को गांधीनगर रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसमें 400 टन खाद्य सामग्री और 70 टन दवाइयाँ सहित जीवन आवश्यक वस्तुएँ शामिल हैं।
राज्य सूचना विभाग के अनुसार, पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए राहत आयुक्त कार्यालय के समन्वय में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि और स्वास्थ्य विभागों ने मिलकर इस सहायता सामग्री की व्यवस्था की। ट्रेन में आटा, चावल, प्याज, आलू, खाद्य तेल, चीनी, दूध पाउडर जैसी आवश्यक वस्तुएँ भेजी गईं। इसके साथ ही 10 हजार तिरपाल, 10 हजार मच्छरदानी, 10 हजार बिस्तर और करीब 70 टन दवाइयाँ भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुजरात सरकार ने पहले ही पंजाब और छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए 5-5 करोड़ रुपये की सहायता राशि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भेज दी है। इस मौके पर प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेश पटेल ने जानकारी दी कि राहत ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगे हैं और इसमें गेहूँ से लेकर कपड़ों तक की सामग्री भेजी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के प्रभावित इलाकों के लिए भी करीब 8 हजार राहत किट तैयार कर भेजी गई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने यह भी घोषणा की कि वे विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी और प्रभारी मंत्रियों के साथ गुजरात के बनासकांठा जिले के वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वहां वे जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और आवश्यक मार्गदर्शन भी देंगे।
राहत ट्रेन को रवाना करने के मौके पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री कुवरजीभाई बावलिया, गृह राज्य मंत्री हर्ष संधवी, गांधीनगर की महापौर मीरा बेन पटेल, विधायक रीटा बेन पटेल, प्रदेश महामंत्री रजनीभाई पटेल, शहर अध्यक्ष डॉ. आसित दवे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद थे।

