West Champaran:- पश्चिम चंपारण के मैनाटाड़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पुरैनिया में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के दौरान बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। सूचना के अनुसार बच्चों ने अंडा खाने के बाद उल्टी, पेट दर्द और सिर में चक्कर आने की शिकायत की। घटना के तुरंत बाद अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और करीब 28 छात्र-छात्राओं को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मैनाटाड़ लाया गया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. विजय चौधरी और उनकी मेडिकल टीम ने प्राथमिक इलाज के बाद सभी बच्चों की स्थिति को खतरे से बाहर बताया। अस्पताल में भर्ती बच्चों को आवश्यक जांच और उपचार के बाद ओआरएस देकर घर भेजा गया। किसी भी बच्चे को रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
अस्पताल पहुंचने के दौरान कई अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक अशोक कुमार के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई। बाद में अशोक कुमार ने बताया कि अंडा मंटू किराना स्टोर से प्राप्त किया गया था और वह भी अस्पताल पहुंचे। मैनाटाड़ थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों की देखरेख की और स्थिति का जायजा लिया।
एमडीएम प्रभारी जाहिद इकबाल ने बताया कि दो-तीन बच्चों को पहले से बुखार था, जिसके कारण अंडा खाने के बाद उनकी उल्टी शुरू हो गई। अन्य बच्चों ने भी इसी कारण अस्वस्थता महसूस की। प्रभारी बीईओ नीरज कुमार ने भी विद्यालय जाकर स्थिति की जांच की।
अखबार लिखे जाने तक सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है और कोई भी गंभीर हालत में नहीं है। प्रशासन और विद्यालय प्रशासन ने मिलकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

