Nawada News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रशासन सख्त है और झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक वाहनों की सघन जांच की जा रही है। बुधवार को रांची से पटना जाने वाली अमर ज्योति बस से उत्पाद बलों ने 240 पेट बोतल शराब बरामद किया।साथ ही बस को जब्त करते हुए,बस के चालक,कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार किया।
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार मद्दनिषेध को लेकर चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद बलों के सहयोग से झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक वाहनों की सघन जांच की जाती है,जिसका नेतृत्व उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे हैं।पटना जाने वाली अमर ज्योति बस संख्या बीआर6पीई2551 की जांच की गई।जांच के क्रम में लंबे-लंबे 12 प्लास्टिक के बेलनाकार उपकरणों में रखे 180 एमएल वाले 8पीएम के 240 पेट बोतल शराब बरामद किया गया।
बस के चालक पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र निवासी राम संजीवन सिंह के पुत्र रविभूषण सिंह,कंडक्टर मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र निवासी स्व. हरिनंदन ठाकुर के पुत्र चंदन कुमार एवं खलासी मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र निवासी मधेश्वर यादव के पुत्र शंकर कुमार यादव ने बताया कि वे हजारीबाग में लोड हुआ था,जिसे बख्तियारपुर उतारना था।बस कर्मियों को लोड करने वाले का नाम व पता मालूम नहीं है,जबकि बख्तियारपुर में अनलोड करवाने वाले का मोबाइल नंबर दिया गया है।
बस की डिक्की में रखे 12 बेलनाकार प्लास्टिक के उपक्रमों में छिपाकर रखे शराब को उत्पाद बलों ने जब्त किया।साथ ही बस के चालक,कंडक्टर एवं खलासी को गिरफ्तार करते हुए बस को भी जब्त किया गया है।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार बस स्टाफों के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।साथ ही बताया कि गिरफ्तार लोगों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।इस मौके पर उत्पाद एएसआई पंकज कुमार साव के अलावे गृहरक्षक जवान मौजूद रहे।

