Ranchi News:- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाली बड़ी घोषणा की। उन्होंने रांची में 2200 बेड वाला विश्व-स्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित करने की बात कही। यह अस्पताल पूर्वी भारत का सबसे बड़ा और आधुनिक अस्पताल होगा, जहां किडनी प्रत्यारोपण समेत सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डॉ. अंसारी ने कहा कि यह पहल उनके लगातार प्रयास और झारखंडवासियों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अस्पताल न केवल झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि फिलहाल राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना’ के तहत किडनी, लीवर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में 15 लाख रुपये तक की सहायता दे रही है। इसके अलावा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेमोडायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। अब राज्य में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होने से मरीजों को बाहर बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस परियोजना को लेकर डॉ. अंसारी की मुलाकात ऑस्ट्रेलिया की ऑस्टिन हॉस्पिटल एंड सर्विस कंपनी के सीईओ और उनके पुराने मित्र आंद्रेई कोल्मोगोरोव से हुई। मुलाकात के दौरान कंपनी ने बड़े पैमाने पर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड को हेल्थकेयर का हब बनाना है।
आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को राजनीति से दूर रखकर ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि साझेदारी के तहत झारखंड में विश्व-स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. अंसारी ने कहा कि यह अस्पताल राज्य के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में यहां लाखों मरीजों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

