Palamu News:- पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत द्वारिका पंचायत के रघुआखाड़ गांव में महाशिवरात्रि मेले के दौरान गोलगप्पा खाने के बाद 20 बच्चे बीमार पड़ गए। सभी बच्चों में उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल सभी प्रभावित बच्चों का इलाज पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति नियंत्रण में है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर रघुआखाड़ गांव में मेला लगा था, जिसमें द्वारिका गांव के यादव टोला, जमुआटांड़ समेत आसपास के कई टोलों के लोग शामिल हुए थे। मेले में पहुंचे बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। इसके बाद रविवार रात से बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और सोमवार सुबह तक कई बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और बीमार बच्चों को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती किया गया। प्रभावित गांव में मेडिकल टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
द्वारिका निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
पांकी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को गांव भेजा गया था। वहीं सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गांव में करीब 100 बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 20 बच्चों में बीमारी के लक्षण पाए गए। सभी को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।
एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने गांव में सतर्कता बढ़ा दी है। लोगों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और सार्वजनिक आयोजनों में खाने-पीने की वस्तुओं को लेकर सावधानी बरतने की अपील की गई है।
बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना के बाद पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता के जिला प्रतिनिधि सह नीलाम्बर-पितांबरपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान समाजसेवी सुनील गुप्ता और मंडल अध्यक्ष रौशन सिंह भी मौजूद रहे।

