Nawada News:- बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कुटरी गांव स्थित मतदान केंद्र के पास हुए हंगामे और तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को जिला पार्षद अंजनी सिंह के भाई संजीव कुमार सहित 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मामला चुनाव के दिन का है, जब कुटरी गांव के मतदान केंद्र के बाहर सैकड़ों लोग जमा होकर नाजायज मजमा लगाए हुए थे। इस दौरान भीड़ ने बूथ के बाहर हंगामा किया, मारपीट की और पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और मामले में एफआईआर दर्ज की।
गिरफ्तार लोगों में कुटरी गांव निवासी अशोक कुमार, गुड्डू कुमार, इंद्रजीत राम, रौशन कुमार, भरत कुमार, संजीव कुमार, शुभम कुमार, लक्ष्मण कुमार, सोनू कुमार उर्फ विनय, राधेश्याम पांडेय उर्फ आलोक, हिमांशु कुमार और देवाकांत कुमार सहित 18 लोग शामिल हैं। इनके अलावा 70 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वारिसलीगंज थाने को दिए आवेदन में जेएसआई देवनारायण गुप्ता ने कहा है कि बूथ के बाहर जमा भीड़ ने पुलिस से उलझकर पेट्रोलिंग पार्टी की गाड़ी को नुकसान पहुंचाया था। वहीं, वाहन उपचालक शेखपुरा निवासी उमेश चौधरी ने भी अलग से आवेदन देकर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है।
इसके अलावा माफी गांव के पास घटी एक अन्य घटना में जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार उमेश प्रसाद यादव और काशीचक थाना क्षेत्र के रेवड़ा गांव निवासी लालमोहन शर्मा के बीच हुई मारपीट के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि अलग-अलग मामलों में कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं शराब पीकर हंगामा कर रहे चार अन्य व्यक्तियों को भी हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि सभी मामलों की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

