Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना में सहायक प्राध्यापकों के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया भारत का उदय देख रही है। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक मुद्दों पर केवल अपनी बात रखने वाला देश नहीं रह गया है, बल्कि दुनिया को दिशा देने और साझा समाधान प्रस्तुत करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की अध्यक्षता ने देश की बढ़ती वैश्विक भूमिका को और मजबूती दी है। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में शांति, सहयोग और संवाद की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों की ओर से बहुपक्षवाद, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और अधिक न्यायपूर्ण एवं संतुलित वैश्विक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण संदेश है।
ब्रिक्स में भारत की कूटनीतिक भूमिका
सम्राट चौधरी ने भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के बीच भारत ने सदस्य देशों को एक मंच पर लाने में अहम भूमिका निभाई। उनके अनुसार, सर्वसम्मति से नई दिल्ली घोषणापत्र का पारित होना भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र और अन्य वैश्विक संस्थाओं में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूती दी है। साथ ही ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता और विकासशील देशों के हितों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता दी गई।
आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता पर जोर
मुख्यमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ ब्रिक्स देशों के रुख का स्वागत किया। उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा का उल्लेख करते हुए कहा कि आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जरूरी है। आतंकवाद की फंडिंग, आतंकियों की सीमा पार आवाजाही और उन्हें सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
एआई और डिजिटल तकनीक में सहयोग पर जोर
सम्राट चौधरी ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ती अनिश्चितता के बीच नियम आधारित, खुली और निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में ब्रिक्स देशों का सहयोग भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत की तकनीकी क्षमता और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का अनुभव विकासशील देशों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का बढ़ता वैश्विक प्रभाव प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है।


