East Champaran News:-जिले की पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 411.650 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई सदर डीएसपी जितेश पांडेय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चन्द्रहिया स्थित निर्मल ढाबा के पास की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जिले से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर इलाके में नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की गई।
डीएसपी ने बताया कि जैसे ही पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी मोड़कर रूलही रोड की ओर भागने की कोशिश की, वैसे ही पुलिस टीम ने पीछा कर कंटेनर को चितही घाट पुल के पास मठ के समीप घेर लिया। जब कंटेनर की तलाशी ली गई तो उसमें बने गुप्त तहखाने से 26 पैकेटों में रखा गया कुल 411.650 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार राय (चालक) और भोला पासवान (सहायक चालक) के रूप में हुई है। दोनों बेगूसराय जिले के नावकोठि थाना क्षेत्र के विशुनपुर देवपुरा गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने कंटेनर और गांजा जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि गांजा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले जिले में तस्करी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई ने नशे के कारोबारियों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में और भी तस्करों को गिरफ्तार किया जाएगा।

