Patna News:- जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को साफ कर दिया कि वे बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके राघोपुर सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन अब उन्होंने इस पर विराम लगा दिया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि यह फैसला उन्होंने पार्टी के हित को ध्यान में रखते हुए लिया है।
पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि उन्हें चुनाव लड़ने के बजाय पूरे राज्य में पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर मैं खुद चुनाव मैदान में उतरता हूं, तो मुझे कम से कम 4 से 5 दिन सिर्फ अपने क्षेत्र में रहना होगा। इससे बाकी सीटों पर चल रहे अभियान पर असर पड़ेगा। इसलिए पार्टी के हित में मैंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया है।”
उन्होंने आगे कहा कि जन सुराज का लक्ष्य बिहार में कम से कम 150 सीटों पर जीत दर्ज करना है। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो इसे पार्टी की हार माना जाएगा। किशोर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि पार्टी के सभी उम्मीदवारों को अधिकतम समर्थन मिले और जनता तक उनका विज़न पहुंचाया जा सके।
राजनीतिक दलों पर हमला बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि आज बिहार की जनता समझ चुकी है कि राजग और महागठबंधन दोनों ही सत्ता में आने के बाद लूट और भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हैं। उन्होंने कहा, “जब राजनीति जनता की सेवा के बजाय लाभ कमाने का माध्यम बन जाती है, तब राज्य पिछड़ जाता है।”
उन्होंने सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि तारापुर में उनके खिलाफ एक जाने-माने डॉक्टर चुनाव लड़ रहे हैं और वहां जन सुराज उन्हें कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

