Dhanbad News: धनबाद में अवैध कोयला खनन के दौरान रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर-कुमारपट्टी स्थित अम्बे आउटसोर्सिंग के बॉर्डर इलाके में अचानक चाल धंसने से कई लोगों के मलबे में दबने की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रशासन या पुलिस की ओर से मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अवैध तरीके से कोयला खनन का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी और चट्टान का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने अपने स्तर से राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को मलबे से बाहर भी निकाला गया है।
मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका
स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के वक्त मौके पर कई लोग मौजूद थे। चाल धंसने के बाद इनमें से कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीण अपने स्तर पर मलबा हटाने और फंसे लोगों को तलाशने में जुटे हैं। लोगों का कहना है कि बड़े हादसे के बावजूद मौके पर रेस्क्यू के लिए बीसीसीएल और जिला प्रशासन की टीम समय पर नहीं पहुंची।
इसको लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध कोयला खनन का खेल चल रहा है और संबंधित विभागों की कार्रवाई प्रभावी नहीं है। हादसे के बाद भी अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई।
कांग्रेस और यूनियन नेताओं ने की कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता और विभिन्न यूनियन नेताओं के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। नेताओं ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और हादसे में दबे लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की। उनका कहना था कि कोयले के अवैध कारोबार के कारण मजदूरों और स्थानीय लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार का खेल संरक्षण के बिना संभव नहीं है। उन्होंने इसे लेकर स्थानीय राजनीतिक नेतृत्व पर भी सवाल उठाए और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो को निशाने पर लिया। हालांकि, इन राजनीतिक आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हादसे ने फिर उठाए अवैध खनन पर सवाल
कुमारपट्टी में हुए हादसे ने धनबाद में अवैध कोयला खनन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रतिबंधित और जोखिम भरे इलाकों में अवैध खनन कैसे जारी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन घटना की निष्पक्ष जांच कराए, मलबे में दबे लोगों की तलाश करे और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।


