Patna News:- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मियों को बड़ी सौगात दी है। चुनावी वर्ष में राज्य सरकार ने मिड डे मील रसोइयों, नाइट वॉचमैन (रात्रि प्रहरियों) और शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के मानदेय में दोगुनी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से जानकारी साझा करते हुए कहा कि इन कर्मियों ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में उनके योगदान को मान्यता देते हुए उन्हें सम्मानजनक मानदेय देने का फैसला लिया गया है।
नीतीश कुमार के अनुसार, मध्याह्न भोजन योजना में कार्यरत रसोइयों को अब पहले के 1650 रुपये के बजाय 3300 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। वहीं, माध्यमिक और उच्च विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों का मासिक मानदेय 5000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है।
इसके अलावा, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मानदेय 8000 रुपये से दोगुना करके 16,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ-साथ इन अनुदेशकों की वार्षिक वेतन वृद्धि भी 200 रुपये से बढ़ाकर अब 400 रुपये कर दी गई है।
सरकार के इस फैसले से राज्यभर के हजारों कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। यह फैसला खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों के मनोबल को भी बढ़ाएगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर उठाया गया है, जो मुख्यमंत्री की जन-आधारित रणनीति को दर्शाता है।
इस खबर को भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दुर्गापुर एयरपोर्ट के लिए रवाना, धनबाद में आईआईटी के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस खबर को भी पढ़ें : सुरक्षा बलों ने जंगल में छुपा कर रखे माओवादियों के 60 किलोग्राम विस्फोटक किया बरामद , माओवादियों की साजिश नाकाम,

