Patna News:- बिहार के सारण जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब नई दिल्ली से दरभंगा जा रही क्लोन स्पेशल ट्रेन के बी-7 कोच के पहिये में अचानक आग लग गई। यह घटना दाउदपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई। आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया, हालांकि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना सुबह करीब 7:42 बजे हुई, जब ट्रेन डाउन ट्रैक से होकर गुजर रही थी। दाउदपुर स्टेशन पर तैनात 62-सी गेटमैन ने कोच के पहिए से धुआं और चिंगारी निकलते देख तुरंत स्टेशन मास्टर फिरोज खाना को सूचित किया। स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को जानकारी देते हुए ट्रेन को तत्काल रोकने का आदेश दिया। कुछ ही मिनटों में रेलवे कर्मियों ने अग्निशामक यंत्र और पानी की मदद से आग को फैलने से रोक लिया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की वजह तकनीकी खामी, पहिए का ओवरहीट होना या ब्रेक बाइंडिंग हो सकती है। घटना के बाद कुछ समय के लिए डाउन लाइन पर परिचालन प्रभावित हुआ और अन्य ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया।
पूर्वोत्तर रेलवे ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। सभी एसी और स्लीपर कोच के तकनीकी हिस्सों की विशेष जांच करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रेल प्रशासन ने समय पर सूचना देने वाले गेटमैन और सतर्क टीम की सराहना की है। अधिकारियों ने कहा कि अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। यात्रियों को बिना किसी देरी के पुनः ट्रेन में सवार करवाकर यात्रा को आगे बढ़ाया गया।

