Nawada News: शहर के रामनगर मोहल्ले में रविवार को हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। 20 वर्षीय युवक विपुल कुमार उर्फ प्रशांत कुमार की लोहे के रॉड से बेरहमी से पिट-पिटकर ह/त्या कर दी गई। यह पूरा हादसा पास के CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों फैल गया है।
परिवार के अनुसार, विपुल रविवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ घर के बाहर चौराहे पर खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इस दौरान अचानक लगभग 10 की संख्या में हमलावर वहां पहुंचे। सभी के हाथ में लोहे के रॉड थे। बिना किसी विवाद या कहासुनी के उन्होंने सीधे विपुल पर हमला बोल दिया।
दोस्त डरकर मौके से भाग निकले, लेकिन अपराधियों ने विपुल को चारों ओर से घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ प्रहार करते रहे। हमले की बर्बरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विपुल मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन वारदात के कई घंटे बाद भी पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसका स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
मृतक के पिता बबलू सिंह ने कहा कि उनके बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक योजनाबद्ध हमला था और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।
एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, और CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
इस क्रूर हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और शहर में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

