Hazaribagh News: जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव में गुरुवार देर रात हुई हिंसक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी रंजिश में हुई इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़कागांव चौक पर सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात अपराधी एक स्कॉर्पियो वाहन से नापो खुर्द गांव पहुंचे। वहां उन्होंने रोहित साव नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में रोहित साव गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हमले के बाद अपराधी तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो से भागने लगे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की चपेट में आकर प्रदीप कुमार साव नामक व्यक्ति की भी मौत हो गई। इसके अलावा वाहन की टक्कर से महेंद्र साव, सागर कुमार और राजू साव सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस स्कॉर्पियो से हमलावर भाग रहे थे, उस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि घटना के बाद उस बोर्ड को हटा दिया गया। भागने के दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक बिजली के खंभे से टकरा गई और पास के एक घर के पास जाकर पलट गई, लेकिन इसके बावजूद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।
बताया जा रहा है कि फरार होने से पहले अपराधियों ने गांव में खड़ी दो गाड़ियों में भी आग लगा दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक रोहित साव का संबंध कोयला कारोबार से था, जिसके कारण इस घटना को आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बड़कागांव के एसडीपीओ पवन कुमार और थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस खबर को भी पढ़ें : झारखंड निकाय चुनाव: भाजपा समर्थित विजेताओं का 8 मार्च को रांची में सम्मान समारोह

