Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर बरवाडीह गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप और बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। देवरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आलोक खरवार (निवासी–मोहनियाबीघा, डेहरी, बिहार) के रूप में हुई है। जबकि उसका साथी सूरज खरवार गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर किया गया है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोश में जपला-दंगवार मुख्य सड़क को बरवाडीह गांव के पास जाम कर दिया। सूचना मिलने पर हुसैनाबाद और देवरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।र
पुलिस ने मौके से पिकअप और मोटरसाइकिल दोनों जब्त कर लिए हैं। हालांकि, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस चालक की पहचान करने और हादसे की जांच में जुटी हुई है।
