Garhwa News:- गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भैंस चोरी के संदेह में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों चिनिया निवासी राजेंद्र कोरवा के पुत्र सुशील कोरवा (उम्र लगभग 22 वर्ष) का क्षत-विक्षत शव चिनिया थाना क्षेत्र के कुसुमदामर झाड़ी से बरामद हुआ था। इस मामले में मृतक के परिजनों ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इस घटना का खुलासा करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) रोहित रंजन सिंह ने बताया कि सुशील कोरवा की गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। लगातार खोजबीन के बाद 17 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने शव बरामद किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त रोहित कुमार यादव, संतोष यादव और कोमल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर तीन लाठियां, मृतक के कपड़े, मोबाइल और चप्पल बरामद किए गए हैं।
डीएसपी ने बताया कि 12 अक्टूबर की रात करीब 3 बजे सुशील कोरवा गढ़वा से कार्यक्रम देखकर दोस्तों के साथ चिनिया लौटा था। घर न जाकर वह अभियुक्त रोहित यादव के बथान पर भैंस के पास खड़ा था। इसी दौरान रोहित यादव ने उसे देखकर भैंस चोरी का संदेह जताया और लाठी से पीटना शुरू कर दिया। उसके शोर मचाने पर संतोष यादव और कोमल यादव भी वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर सुशील को बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को झाड़ी में फेंक दिया और मृतक के कपड़े, मोबाइल व चप्पल उसके भाई मुकेश कोरवा को देकर सच्चाई छिपाने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी है।

