Jamshedpur News:- बिष्टुपुर थाना पुलिस ने साउथ पार्क स्थित चिन्मया स्कूल के पास से एक संदिग्ध युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान आदित्य झा उर्फ सन्नी (24) के रूप में हुई है, जो कई आपराधिक मामलों में पहले से नामजद बताया जा रहा है।
सीटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश और पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने छापामारी दल का गठन कर मौके पर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान संदिग्ध स्थिति में युवक को पकड़ा गया। तलाशी में उसकी कमर से एक देसी पिस्टल और पास रखे पैकेट से तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा उसके पास से एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी के विरुद्ध बिष्टुपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार सन्नी पर बिष्टुपुर और आरआईटी थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं और उसका नाम पुलिस की निगरानी सूची में भी शामिल है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुनि आलोक कुमार दुबे, पुअनि आकाश कुमार पाण्डेय, निरज कुमार, रामप्रवेश राय, सअनि गोपाल पांडेय, तथा आरक्षी भीम कुमार और योगेश सिन्कू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह हथियार लेकर किस उद्देश्य से घूम रहा था और इसके पीछे कोई आपराधिक योजना थी या नहीं।

