West Champaran;- पश्चिम चंपारण के लौरिया स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित एनडीए की चुनावी सभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार को अब फिर से अराजकता और भय के दौर में नहीं जाने देना है। जनता को ऐसे लोगों को नकार देना चाहिए जो राज्य के विकास को रोकने का काम करते हैं।
योगी ने अपने संबोधन में 2005 से पहले के बिहार की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि तब अपराधियों का बोलबाला था, कानून व्यवस्था चरमराई हुई थी और अपहरण, गुंडागर्दी और बलात्कार जैसी घटनाएं आम बात बन गई थीं। उन्होंने कहा कि एनडीए शासन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य ने नई दिशा पाई है — सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और मेडिकल संस्थानों के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आज बिहार की जनता लालटेन नहीं, एलईडी जैसी चमकदार सरकार चाहती है।” उन्होंने राजद शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में 30 हजार से अधिक अपहरण की घटनाएं हुई थीं और प्रशासन अपराधियों के सामने बेबस था। योगी ने जनता से अपील की कि वे ऐसे शासन को लौटने न दें।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विधायक और कलाकार विनय बिहारी के समर्थन में वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विनय बिहारी क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पित नेता हैं और उन्हें भारी मतों से जीताकर लौरिया को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
मंच से विनय बिहारी ने भी जनता को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ पंचायतों में कार्य अधूरे हैं, जिनके लिए वह जनता से क्षमा मांगते हैं, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी है।
कार्यक्रम का संचालन कौशल किशोर पांडेय ने किया। मौके पर यूपी के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, नगर मंडल अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, लड्डू सिंह, संजय मुखिया, दीपू तिवारी, विजय पांडेय, सुजीत तिवारी और आनंद सिंह समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।

