Ranchi News:- झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। अगले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान कहीं-कहीं पर तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि वर्तमान में बने निम्न दबाव के चलते झारखंड में यह स्थिति बनी है। उन्होंने बताया कि एक ट्रफ रेखा दक्षिण पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों से होकर झारखंड, मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इसी कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश गढ़वा जिले के धुरकी में दर्ज की गई, जहां 35.5 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो मंगलवार को झारखंड में सबसे अधिक तापमान गोड्डा जिले में 35.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार जिले में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 33.3, डालटनगंज में 33.6, बोकारो में 35.2, चाईबासा में 33.8, खूंटी में 31.8, लोहरदगा में 30.9 और गढ़वा में अधिकतम 33.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों पर न जाएं। आने वाले दिनों में बारिश से राज्यभर के किसानों और आमलोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

