Koderma News:- पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर में अपहृत बगोदर के पांच प्रवासी मजदूरों की रिहाई की मांग को लेकर रविवार को केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के आवास का घेराव किया गया। इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन भाकपा माले की महिला इकाई – अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन के बैनर तले किया गया।
गौरतलब है कि बगोदर के दोदलो पंचायत के राजू महतो, संजय महतो, फलजीत महतो, चंद्रिका महतो और मुंडरो के उत्तम महतो का 25 अप्रैल को नाइजर में अपहरण हो गया था। सभी मजदूर वहां केपीटीएल ट्रांसमिशन कंपनी में कार्यरत थे। घटना को दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है। न तो मजदूरों की कोई खबर मिली है और न ही उनकी रिहाई को लेकर कोई आधिकारिक पहल हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब रसूखदारों के परिजनों का अपहरण होता है तो सरकार तुरंत हरकत में आती है, लेकिन गरीब मजदूरों के मामले में सरकार की चुप्पी शर्मनाक है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सरकार चाहती तो अब तक कोई हल निकल चुका होता।
इस विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए। उन्होंने सांसद अन्नपूर्णा देवी से सीधा सवाल किया कि उन्होंने अब तक रिहाई के प्रयास क्यों नहीं किए। प्रदर्शन में परमेश्वर महतो, हरेन्द्र कुमार सिंह, सरिता महतो, बदरुद्दीन शेख सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और मजदूरों के परिजन शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द रिहाई की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

