पलामू।
सतबरवा थाना के बदलाया टोला में शुक्रवार की देर रात अवैध शराब बेचने वाली एक महिला की कनपटी में सटाकर गोली मार दी गई,जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतका की पहचान अकलू भुईया की पत्नी दुखनी देवी 35 वर्ष के रूप में की गई है। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को एक महिला सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
जानकारी अनुसार दुखनी देवी अपने घर पर महुआ की अवैध शराब बेचती थी। प्रतिदिन वहां शराब पीने के लिए लोग आते थे। मृतका के पुत्र पवन कुमार ने बताया कि शराब पीने के दौरान वहां तीन लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस घटना में उनकी संलिप्तता हो सकती है।
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ में अहम सुराग हाथ लगे हैं।जल्द ही सभी आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर और खुलासा होगा।
