Palamu News:– लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के चिरगिंदवा गांव में दो अक्टूबर को रसोई गैस पाइप फटने से लगी लगी आग में झुलसी एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में 19 वर्षीय सविता देवी बुरी तरह से जल गई थी।
जानकारी के अनुसार, सविता देवी खाना बना रही थी, तभी गैस पाइप में अचानक रिसाव हुआ और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रसोई को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसी सविता को पहले छिपादोहर ले जाया गया, जहां उसे भर्ती नहीं किया गया।
इसके बाद परिजन महिला को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पलामू लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर की अनुपस्थिति में उसे तत्काल उपचार नहीं मिल सका। निराश होकर परिजन उसे सतबरवा स्थित नवजीवन अस्पताल लेकर गए, जहां दो दिनों तक इलाज के बाद शुक्रवार की देर रात उसकी मौत हो गई।
शनिवार को सतबरवा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है। मृतका के पति ने बताया कि सविता के शरीर का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा जल गया था। उसने दुख प्रकट करते हुए कहा कि “अगर समय पर इलाज मिल जाता तो शायद वह बच जाती।”
सविता देवी के एक साल का बच्चा है। घटना के वक्त घर में कोई और मौजूद नहीं था। गैस पाइप के फटने के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिले के अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति आम बात हो गई है। कई बार गंभीर मरीजों को भी समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे स्थिति बिगड़ जाती है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है।

