Jamshedpur News:- जिले के घाटशिला प्रखंड के झांटीझरना पंचायत के डाइनमारी गांव में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आकर झुलसी महिला नानिका हेम्ब्रम (42 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। नानिका 16 सितंबर की रात शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं। अंधेरे के कारण वह गांव से गुजर रहे हाईवोल्टेज बिजली तार के संपर्क में आ गईं और बुरी तरह झुलस गईं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें घाटशिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर रेफर किया गया। करीब 10 दिनों तक एमजीएम अस्पताल में उनका इलाज चलता रहा। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शुक्रवार देर रात उनकी स्थिति बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
नानिका हेम्ब्रम चार बच्चों की मां थीं। उनकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव से होकर गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइन काफी नीचे लटक रही है, जिसकी सूचना कई बार दी गई थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह पुलिस टीम अस्पताल पहुँची। औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की माँग की है। लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। यदि समय रहते बिजली तारों की ऊँचाई और सुरक्षा पर ध्यान दिया जाता, तो नानिका की जान बचाई जा सकती थी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग ने जल्द ही लापरवाहियों को दूर नहीं किया तो वे आंदोलन का सहारा लेंगे।

