गिरिडीह। हजारीबाग रोड स्टेशन स्थित टावर बैगन शेड के पास ट्रैक पार कर रही एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान सरिया नगर पंचायत के बड़की सरिया गांव निवासी 75 वर्षीय गुंजा देवी के रुप में की गई है। घटना शनिवार सुबह की बतायी गई है।
जानकारी के अनुसार मृतका कई वर्षों से कोडरमा गोमो आदि से सब्जी लाकर सरिया बाजार में बेचने का काम करती थी। उसके पति की पूर्व में ही मौत हो चुकी है।शनिवार की सुबह वह रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेक पार कर रही थी। इसी बीच आ रही दुरंतो एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुॅची जीआरपी गोमो के द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया।