Ranchi News:- झारखंड में अब ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। राज्य के कई जिलों में पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में और कमी देखने को मिलेगी। हालांकि, बीच-बीच में मौसम के बदलाव के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री तक का उतार-चढ़ाव भी संभव है।
मौसम विभाग के शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार की तुलना में शनिवार को झारखंड के कई हिस्सों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई है। वहीं डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान, बोकारो में न्यूनतम तापमान और चाईबासा में भी एक डिग्री की कमी दर्ज की गई है।
फिलहाल झारखंड के कुछ इलाकों में दिन का तापमान अभी भी 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में यह और नीचे जाएगा।
इस बीच, पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। सबसे अधिक बारिश मनोहरपुर में 20 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सोनुआ, कुरडेग, अड़की और गुमला में 10 से 14 मिलीमीटर तक बारिश हुई।
विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान गोंडा में 34.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं रांची में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री, जमशेदपुर में 34 डिग्री, डाल्टनगंज में 33.4 डिग्री, बोकारो में 33.1 डिग्री और चाईबासा में 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों में सुबह और शाम की ठंडक और बढ़ेगी तथा राज्य में शरद ऋतु का प्रभाव स्पष्ट रूप से महसूस होने लगेगा।

