Palamu News:- पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र में पति की फोटो छोटी गोतनी के मोबाइल में देखकर पत्नी ने गोतनी से झगड़ा किया और जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली।
महिला की पहचान शशिकला देवी (35) पति मंगल सिंह के रूप में हुई है। पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया।
शशिकला ने तीन दिन पहले छोटी गोतनी जयंती देवी के मोबाइल में अपने पति का फोटो देखा था। इसे लेकर विवाद हो रहा था। शुक्रवार शाम शशिकला ने अचानक कीटनाशक (जहरीला पदार्थ) का सेवन कर लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में गढ़वा सदर अस्पताल ले गए, जहां से मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां पहुंचने पर कुछ देर इलाज चला। इसी क्रम में शुक्रवार रात मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।
सास ललिता देवी ने एमएमसीएच में बताया कि शुक्रवार शाम बकरी चराने गई थी। घर पर बड़ी बहू शशिकला देवी को उसकी छोटी गोतनी जयंती देवी से किसी बात को लेकर कहा सुनी हुई। गुस्से में आकर शशिकला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। स्थिति गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसे एमएमसीएच रेफर किया गया।
शशिकला देवी की शादी चार साल पहले हुई थी। उसे एक बच्चा है। मायके नगर ऊंटारी के सिमलिया में है। पिता के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया।

