Bhagalpur News: जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भतौड़िया गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज 15 दिन बाद ही पत्नी ने पति पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद एजाज की शादी 5 नवंबर को बीबी अरबीना से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद, 12 नवंबर को अरबीना अपने ससुराल असरगंज से मायके मधुसूदनपुर लौट आई थी।
इधर, मोहम्मद एजाज की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इलाज कराने के बाद वह भागलपुर से सीधे अपनी पत्नी को लेने मायके पहुंचा। सूत्रों के मुताबिक एजाज ने अरबीना से घर चलने की बात कही, लेकिन उसने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया। अरबीना ने पति को साफ शब्दों में कहा कि वह उसे यहीं छोड़ दे, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
परिजनों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि आरोप है—अरबीना और उसके परिवारवालों ने पहले एजाज के साथ मारपीट की। इसके बाद अचानक अरबीना ने हाथ में पकड़े ब्लेड से अपने ही पति पर हमला कर दिया। ब्लेड वार से एजाज बुरी तरह घायल हो गया और लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल एजाज को तुरंत मायागंज अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत को स्थिर बताया है। हालांकि, गंभीर चोटों को देखते हुए उसे निगरानी में रखा गया है।
इधर, घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मधुसूदनपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और आपसी विवाद इस हमले की वजह मानी जा रही है। पुलिस ने दोनों परिवारों से पूछताछ शुरू कर दी है।
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, क्योंकि कुछ ही दिनों पहले प्रेम और विश्वास की शुरुआत करने वाले इस दंपती के बीच इतनी जल्दी विवाद और हिंसा की नौबत आ जाना ग्रामीणों के लिए भी चौंकाने वाली बात है।

