Ranchi News:- राजधानी रांची में रंगदारी और हथियारों के खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने कोयलांचल शांति सेना (के.एस.एस.) के नाम पर व्यापारियों से रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार अपराधियों को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। जांच में पाकिस्तान से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क सामने आया है।
नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पार चुट्ट ओवरब्रिज के नीचे छापेमारी कर काले रंग की टाटा सफारी (JH01FP8049) में बैठे चार अपराधियों — इनामुल हक उर्फ बबलू खान, रवि आनंद उर्फ सिंघा, मोहम्मद शाहिद उर्फ अफरीदी खान और मोहम्मद सेराज उर्फ मदन — को पकड़ा।
उनके पास से तीन लोडेड पिस्टल, सात मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस, एक सफारी कार, एक आईफोन और पाँच एंड्रॉएड मोबाइल बरामद हुए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये मोगा (पंजाब) के रास्ते हथियार भारत मंगवाते थे। इन हथियारों का इस्तेमाल देशभर में डर और आतंक फैलाने तथा रंगदारी वसूलने में किया जाता था।
आरोपी इनामुल हक रांची में सुजीत और प्रिंस के लिए लेवी वसूली का काम करता था। वसूली की रकम यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेजी जाती थी, जहां से अवैध हथियार खरीदे जाते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि डोरंडा थाना क्षेत्र के सत्यभामा अपार्टमेंट में हुई हालिया हवाई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार भी इसी गिरोह ने उपलब्ध कराया था।
मुख्य आरोपी इनामुल हक के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पुलिस की सटीक रणनीति और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से रांची में सक्रिय अपराधियों की कमर टूट गई है।

