Patna News:- बिहार की राजधानी के लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित पटना मेट्रो रेल का इंतजार सोमवार को खत्म हो जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 11 बजे भूतनाथ से न्यू आईएसबीटी तक पहले फेज के मेट्रो परिचालन का उद्घाटन करेंगे। पहले चरण में मेट्रो 4.3 किलोमीटर के रूट पर तीन स्टेशनों – आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ रोड तक चलेगी। पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (PMRL) ने परिचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उद्घाटन के अवसर पर मेट्रो कोच को मधुबनी पेंटिंग से सजाया गया है, जिसमें बिहार की सांस्कृतिक विरासत जैसे गोलघर, महाबोधि वृक्ष, बुद्ध स्तूप और नालंदा के खंडहर दर्शाए गए हैं।
सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्था
मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग ने सिग्नलिंग, पटरियों, ब्रेकिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच के बाद मेट्रो को परिचालन की मंजूरी दी। मेट्रो की प्रारंभिक गति 40 किमी/घंटा होगी। प्रत्येक कोच में 360-डिग्री सीसीटीवी कैमरे, दो इमरजेंसी बटन और माइक्रोफोन की सुविधा उपलब्ध है।
पहले चरण में आईएसबीटी से जीरो माइल तक किराया 15 रुपये और न्यू आईएसबीटी से भूतनाथ रोड तक 30 रुपये तय किया गया है। परिचालन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक होगा और प्रत्येक स्टेशन पर हर 20 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी। महिलाओं और दिव्यांगों के लिए प्रत्येक ट्रेन में 12-12 आरक्षित सीटें रखी गई हैं।
भूमिगत स्टेशनों का शिलान्यास
सीएम नीतीश कुमार कॉरिडोर वन के तहत छह भूमिगत स्टेशनों और 9.35 किमी लंबी सुरंग का शिलान्यास भी करेंगे। इसके निर्माण में कुल 2,565.80 करोड़ रुपये का निवेश होगा। मेट्रो परियोजना की कुल लागत 13,925.5 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार, बिहार सरकार और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) का योगदान है।
पटना मेट्रो की सुरक्षा बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) करेगी। जवान प्रवेश द्वार से लेकर प्लेटफार्म तक तैनात रहेंगे, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पटना मेट्रो परियोजना बिहार की राजधानी में आधुनिक यातायात का नया युग लेकर आएगी और शहरवासियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।

