Chaibasa News:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में रेल हादसे से गुरुवार देर रात एक बड़ी अनहोनी टल गई। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के चक्रधरपुर रेल मंडल के जरुली रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतर गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक, लाइन नंबर छह पर खड़ी एक इनबॉक्स मालगाड़ी का एक वैगन अचानक पटरी से उतर गया। घटना होते ही रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। डांगुवापोशी में रेल सुरक्षा हूटर बजाया गया और तुरंत रिलीफ ट्रेन को रवाना किया गया। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने राहत और पुनः पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, ट्रैक की तकनीकी खराबी या वैगन की यांत्रिक समस्या इसकी वजह हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी घटना की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
इस घटना के कारण चक्रधरपुर रेल मंडल में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन अब ट्रैक को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है। राहत कार्य में कई रेलवे कर्मचारी और इंजीनियर लगातार जुटे हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिससे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए निरीक्षण और मेंटेनेंस कार्य को और मजबूत किया जाएगा।
समय रहते रिलीफ टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और लोगों ने राहत की सांस ली।

