झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 38 सीटों पर प्रचार का शोर सोमवार शाम 5 बजे थम गया। इसके साथ ही साइलेंट पीरियड लागू हो गया है। इस दौरान प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को सार्वजनिक प्रचार करने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकते हैं।

20 नवंबर को वोटिंग का शेड्यूल:
- मतदान सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा।
- इस चरण में कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
- स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
बाहरी नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल छोड़नी होगी जगह
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के रवि कुमार ने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग ने बाहरी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदान वाले क्षेत्रों से तत्काल हटने का निर्देश दिया है।
- केवल संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं को ही वहां रहने की अनुमति है।
- जिला प्रशासन होटल और अन्य स्थानों पर बाहरी लोगों की मौजूदगी की जांच करेगा।
- बाहरी व्यक्ति मिलने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 20 नवंबर को स्वतंत्र और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
- लाइव निगरानी: हर मतदान केंद्र पर अंदर और बाहर दो कैमरे लगाए गए हैं।
- वेबकास्टिंग के जरिए जिला से लेकर सीईओ कार्यालय तक मतदान केंद्रों की निगरानी होगी।
- प्रत्याशियों को मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे से बाहर कैंप लगाने का निर्देश दिया गया है। कैंप पर पार्टी से जुड़े पोस्टर या प्रतीक चिह्न नहीं होने चाहिए।
इन क्षेत्रों में होगा मतदान
दूसरे चरण के मतदान में झारखंड की इन 38 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोड़ैयाहाट, गोड्डा, महागामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली, खिजरी।
मतदान का दिन महत्वपूर्ण
चुनाव आयोग ने सभी पार्टियों और प्रत्याशियों से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। झारखंड विधानसभा चुनाव के इस चरण के नतीजे राज्य के राजनीतिक समीकरण पर बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं।