Chaibasa News:- जिले के कराइकेला बाजार में रविवार रात हुए सड़क हादसे में झारखंड नायक नामक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। मृतक के परिजन और ग्रामीण सोमवार सुबह से रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-75ई) को कराइकेला थाना के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक को फौरन गिरफ्तार किया जाए। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
सड़क जाम के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे जाम नहीं हटाएंगे।
घटना की जानकारी मिलने पर कराइकेला थाना प्रभारी अंकित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और मार्ग को खाली कराने में जुटा हुआ है, लेकिन खबर लिखे जाने तक जाम अभी भी बरकरार है। स्थानीय लोगों का यह प्रदर्शन सड़क सुरक्षा और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन जल्द कदम उठाए और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी उपाय किए जाएं।

