Jammu News:- माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गई है। रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के हिमकोटि मार्ग पर सोमवार को भारी भूस्खलन हो गया। यह घटना सत्या व्यू पॉइंट के पास हुई, जहाँ अचानक भारी मलबा गिरा, जिससे बैटरी कार सेवा को अस्थायी रूप से स्थगित करना पड़ा।
हालांकि राहत की बात यह रही कि भूस्खलन के समय वहां कोई तीर्थयात्री मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ है।
प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए श्राइन बोर्ड की टीम और मशीनरी को मौके पर भेज दिया, जो लगभग 30 फीट के क्षेत्र में फैले मलबे को हटाने में जुटी है। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए तीर्थयात्रा को पुराने मार्ग पर स्थानांतरित कर दिया गया है, जहाँ से यात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी है।
श्राइन बोर्ड ने यह भी आश्वासन दिया है कि जैसे ही रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा और सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बैटरी कार सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। हर साल लाखों श्रद्धालु इस पवित्र स्थल की यात्रा करते हैं, ऐसे में यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अहम माना जा रहा है।

