Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे की घोषणा के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। सीट शेयरिंग को लेकर गठबंधन सहयोगी दलों में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने सीट बंटवारे से नाराजगी जताते हुए एक भावुक ट्वीट किया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।
दरअसल, शनिवार को एनडीए ने सीटों का बंटवारा फाइनल किया, लेकिन रालोमो को अपेक्षा से कम सीटें मिलने की वजह से पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ गया। इस फैसले से नाराज उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए अपने कार्यकर्ताओं से माफी मांगी और अपनी विवशता का जिक्र किया।
कुशवाहा ने लिखा— “प्रिय मित्रों/साथियों, आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी। मैं समझता हूं, इस निर्णय से हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं का मन आहत हुआ होगा। कई घरों में आज खाना नहीं बना होगा। लेकिन कृपया मेरी और पार्टी की विवशता को समझिए। कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। आने वाला समय सब बताएगा।”
उनके इस ट्वीट के बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या कुशवाहा एनडीए से नाता तोड़ सकते हैं। हालांकि, अब तक उन्होंने गठबंधन छोड़ने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके बयान ने सियासी अटकलों को हवा दे दी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, रालोमो को एनडीए में सिर्फ पांच सीटें मिली हैं, जबकि कुशवाहा इससे दोगुनी सीटों की मांग कर रहे थे। पार्टी के कई जिलाध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भी सोशल मीडिया पर खुलकर नाराजगी जाहिर की है।
फिलहाल कुशवाहा ने संयम बरतने की अपील की है और कहा है कि “कार्यकर्ता शांत रहें, आने वाला समय सब कुछ स्पष्ट कर देगा।”
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में उपेंद्र कुशवाहा का अगला कदम क्या होता है — क्या वे एनडीए में बने रहेंगे या कोई नया राजनीतिक रास्ता तलाशेंगे।

