Jamshedpur News:- दुर्गा पूजा और ओड़िया यात्रा देखने निकले दो युवकों की बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना एनएच-49 पर रंगड़ो पुलिया के पास हुई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा इलाज के दौरान चल बसा। जानकारी के अनुसार, मौदा गांव निवासी सोमनाथ मुंडा और डोमजुड़ी पंचायत के ईंटामुड़ा गांव निवासी धोनी पातर एक ही बाइक पर सवार होकर खंडामौदा गांव में आयोजित दुर्गा पूजा और ओड़िया यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में बाइक का संतुलन अचानक सड़क पर बने गड्ढे के कारण बिगड़ गया और वह आगे चल रहे अज्ञात वाहन से जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंमकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और एनएचआई एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा भेजा। वहां डॉक्टरों ने सोमनाथ मुंडा को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल धोनी पातर को प्राथमिक उपचार के बाद पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर किया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं, बहरागोड़ा पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
त्योहार के मौके पर हुई इस दुर्घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति और अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वाहन चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

