रांची। चान्हो थाना क्षेत्र के रामदगा गांव में मंडा पूजा के दौरान नाच गाना कार्यक्रम में छेड़खानी को लेकर हुए विवाद में की गई फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गयी है। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार देर रात की है। मृतक युवक की पहचान चामा के रहने वाले सूरज साहू (24) और अभय साहू( 23) के रूप में हुई है। जबकि चोरिया के रहने वाला एक युवक राजा साहू घायल बताया जा रहा है। उसके हाथ में गोली लगी है। उसे रिम्स में भर्ती कराया गया है।

गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि रंगारंग कार्यक्रम के दौरान सुबह 3 बजे ड्रेस चेंजिंग रूम में कुछ महिला कलाकार ड्रेस बदल रहे थे। इसी दौरान ताक झांक करने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया की फायरिंग हो गयी ।
घटना को लेकर ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पूजा के दौरान आोजित आर्केस्टा कार्यक्रम की जानकारी स्थानीय पुलिस को नही दी गई थी। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है । आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानकारी अनुसार एक अपराधी की पहचान मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र से हुई है।