Khunti News:-खूंटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को जाली नोट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों युवक साप्ताहिक हाट में पांच सौ रुपये के नकली नोट से सामान खरीदने की कोशिश कर रहे थे। दुकानदार की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से यह मामला तुरंत उजागर हो गया।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवकों की पहचान मो. शेख और मो. सईम अंसारी के रूप में हुई है। दोनों युवक तपकरा हाट में पहुंचे और दुकानदारों से नकली नोट के जरिए सामान लेने का प्रयास करने लगे। जैसे ही दुकानदार ने पांच सौ रुपये के नोट की जांच की, उसे शक हुआ और तुरंत थाना प्रभारी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तपकरा थाना प्रभारी नितेश कुमार गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को रंगेहाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच सौ रुपये के कुल चार जाली नोट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के वक्त दोनों युवकों ने नोटों को फाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने फटे हुए टुकड़े भी जब्त कर लिए।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों से कड़ी पूछताछ कर रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आखिर ये जाली नोट कहां से आए और इनके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। पुलिस का मानना है कि यह मामला किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना एक संगठित जाली नोट नेटवर्क की ओर इशारा करती है। पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस रैकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की उम्मीद है।
इस घटना के बाद बाजार में दुकानदारों के बीच सतर्कता और चौकसी बढ़ गई है। लोग अब नकदी लेते समय विशेष सावधानी बरतने लगे हैं ताकि नकली नोट के झांसे में न आएं।

