Chaibasa News:- चक्रधरपुर-चाईबासा एनएच-75 मार्ग पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई शारदा गांव के पास हुई, जहां दोनों युवक हथियार लहराते और गोलियां चलाते देखे गए थे।गिरफ्तार युवकों की पहचान बुधलाल अंगरिया (28 वर्ष) और बिरसा गागराई (25 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके पास से एक देशी पिस्टल, 33 एमएम की एक जिंदा गोली और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टूटी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-75 पर दो युवक हथियार के साथ फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान एक युवक के पास लोडेड देशी पिस्टल मिली। जब हथियार के कागजात दिखाने को कहा गया तो दोनों युवक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद स्थानीय लोगों के सामने उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बुधलाल अंगरिया के खिलाफ पहले से भी एक मामला दर्ज है और वह आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
पुलिस अब इन युवकों के नेटवर्क और मकसद की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं शांति भंग करने की कोशिश हैं और पुलिस इन पर सख्ती से कार्रवाई करेगी।

