Saran News:- मांझी–एकमा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गंजपर गांव के समीप उस समय हुआ, जब एक अज्ञादर्दनाकत तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के अरियाव टोला निवासी दिलीप राम के 22 वर्षीय पुत्र करण कुमार और स्वर्गीय श्याम नारायण राम के 29 वर्षीय पुत्र हेम नारायण राम के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करण कुमार एकमा में मुन्ना सिंह के गैरेज में बाइक मिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार की रात वह अपने साथी हेम नारायण राम के साथ उनकी बुलेट बाइक से काम खत्म कर घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों गंजपर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे या सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत एकमा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक हेम नारायण राम की पत्नी सरिता देवी सहित दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

