Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को मौसम का कहर देखने को मिला। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग खेतों में धान की रोपाई में व्यस्त थे, तभी अचानक बदले मौसम ने भारी आफत ला दी।
पहली घटना पाटन प्रखंड के सहदेवा गांव की है, जहां 45 वर्षीय आशा देवी, पति दिलीप महतो के साथ खेत में धान रोप रही थी। दोपहर के समय अचानक आसमान में बादल घिर आए और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी और आशा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में हेमंती देवी और सुवचना देवी भी झुलस गईं। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना बसडीह गांव की है, जहां 40 वर्षीय मानती देवी, पति दयाल महतो भी अपने खेत में काम कर रही थी। धान रोपते समय अचानक वज्रपात हुआ और मानती देवी की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
तीसरी घटना चेतमा किशुनपुर गांव में घटी, जहां महमूद अंसारी वज्रपात की चपेट में आकर घायल हो गए। वह भी खेत में काम कर रहे थे।
इन दर्दनाक घटनाओं से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता प्रदान करने की तैयारी की जा रही है।

