Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव में बुधवार देर रात हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ मामले में तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के जोनल कमांडर शशिकांत गंझू सहित छह उग्रवादियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी मनातू थाना प्रभारी निर्मल उरांव के फर्द बयान पर दर्ज की गई है।
बता दें कि बुधवार रात करीब 12:30 बजे पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शशिकांत गंझू और उसके दस्ते को घेरने की कोशिश की थी। इसी दौरान उग्रवादियों ने पुलिस बल पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना में झारखंड पुलिस के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम वीरगति को प्राप्त हुए, जबकि जवान रोहित कुमार गंभीर रूप से जख्मी हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि शशिकांत गंझू अपने साथियों के साथ इलाके में ठेकेदारों और कारोबारियों से लेवी वसूलने वाला है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई के लिए तीन टीमें गठित कीं। पहली टीम का नेतृत्व एएसपी अभियान राकेश सिंह ने किया, दूसरी टीम हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब की देखरेख में थी और तीसरी टीम का नेतृत्व खुद मनातू थाना प्रभारी कर रहे थे।
रात 12:23 बजे केदल पहुंचने के बाद पुलिस ने रणनीतिक तरीके से घेराबंदी शुरू की। तभी शशिकांत गंझू के घर से नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई में 64 राउंड गोली चलाई गई।
घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। शशिकांत गंझू, मुखदेव यादव, उमेश सिंह खरवार, कुलदीप, रोहिणी गंझू और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नक्सली कमांडर और उसके दस्ते की तलाश में पुलिस का सर्च अभियान लगातार जारी है और इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

