Khagaria News :- बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी अनुमंडल अंतर्गत बीन टोली गांव में सोमवार को एक दर्दनाक नाव हादसे में दो सगी बहनों की डूबकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों बहनें अन्य ग्रामीणों के साथ पशुओं के लिए चारा लेकर नदी की उपधारा पार कर घर लौट रही थीं।
मृत बहनों की पहचान गांव निवासी देवेंद्र तांती की बेटियों – 18 वर्षीय संजना कुमारी और 8 वर्षीय पीहू कुमारी – के रूप में हुई है। घटना के समय नाव पर कुल 10 लोग सवार थे, जो दियारा क्षेत्र से चारा लेकर लौट रहे थे। नाव छोटी थी और पानी का बहाव तेज होने के कारण वह असंतुलित होकर डगमगाने लगी।
अचानक संतुलन बिगड़ने से चार लोग नदी की उपधारा में गिर गए, जिनमें दो लोग तैरकर बाहर निकल आए। लेकिन संजना और पीहू को तैरना नहीं आता था, जिससे वे गहरे पानी में डूब गईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग शोर मचाते हुए घटनास्थल पर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बहनों को बाहर निकाला गया और गोगरी रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता देवेंद्र तांती ने कहा, “बढ़े हुए जलस्तर के कारण पशु चारा लाना बहुत मुश्किल हो गया है। दियारा के उस पार कुछ घास बची थी, इसलिए मेरी दोनों बेटियां गई थीं। दुर्भाग्यवश, नाव के पलटने से मेरी दोनों बेटियां हमसे हमेशा के लिए जुदा हो गईं।”
गोगरी थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि दोनों शव बरामद कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।

