Lohardagaa News:- राज्य संपोषित योजना के तहत मदरसा चौक से ऐडादोन तक सड़क निर्माण कार्य कर रहे संवेदक से लेवी वसूलने पहुंचे पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के दो उग्रवादियों को कुड़ू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से 15 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है। दोनों को शनिवार को लोहरदगा जेल भेज दिया गया।
कुड़ू थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में किस्को अंचल के एसडीपीओ वेदांत शंकर ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य में लगे कर्मियों से लगातार पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। धमकी दी जा रही थी कि पैसे नहीं देने पर निर्माण कार्य में लगी मशीनों को आग के हवाले कर दिया जाएगा और जान-माल का नुकसान होगा।
शनिवार को दो आरोपी बाइक पर सवार होकर मदरसा चौक पहुंचे थे। पुलिस की नजर पड़ते ही दोनों भागने लगे, लेकिन सक्रिय पुलिस बल ने खदेड़ कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के दुल्ली गांव निवासी रूपेश मुंडा और चान्हो थाना क्षेत्र के चामा रमदगा गांव निवासी भरत कुमार साहू के रूप में हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि रूपेश मुंडा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ रांची के मैक्लुस्कीगंज थाना में हत्या, अपहरण, आर्म्स एक्ट, आगजनी और लेवी वसूली से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में उग्रवाद और अपराध के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लेवी वसूली में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कौन इन्हें स्थानीय स्तर पर सहयोग और शरण दे रहा है। ऐसे सभी सहयोगियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

