Patna News:- सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के उलहेनपुर गांव में सोमवार को पटाखा निर्माण के दौरान हुए विस्फोट से हड़कंप मच गया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पटाखा बनाने के क्रम में सिगरेट पीने से आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ। सूचना मिलते ही सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. कुमार आशीष, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), एसडीओ मढ़ौरा और एसडीपीओ मढ़ौरा घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में पटाखा, विस्फोटक पदार्थ, चारकोल और पटाखा निर्माण की सामग्री बरामद हुई। घटना स्थल को तत्काल सील कर दिया गया है और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने मौके पर वैज्ञानिक जांच की।
एसएसपी ने बताया कि यह घटना लापरवाही का परिणाम लग रही है, लेकिन यह भी जांच का विषय है कि क्या यहां अवैध रूप से पटाखा निर्माण किया जा रहा था। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पटाखा निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि गांव में लंबे समय से छोटे स्तर पर पटाखा तैयार करने का काम चल रहा था। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या आपूर्ति श्रृंखला तो नहीं है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त घर के अंदर कई लोग मौजूद थे। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

